मुंबई – आईपीएल में धीमी शुरुआत के लिए ख्यात हो चुकी मुंबई इंडियंस की टीम एक बार फिर हार झेल रही है, लेकिन इस बार यह कुछ अलग है। नए कप्तान हार्दिक पांड्या की रणनीति अभी तक कारगर नहीं हो सकी है। चाहे वह टीम को जीत दिलाने की बात हो या मैदान में दर्शकों को प्रभावित करने की। साल 2015 के सत्र में मुंबई इंडियंस को पहले चार मैचों में लगातार पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बाद लगातार छह मैच जीतकर टीम प्लेआफ में पहुंची और इसके बाद मुंबई इंडियंस ने खिताब पर कब्जा जमाया था। लेकिन उस समय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में थी। इस बार कप्तानी हार्दिक पांड्या के हाथों में है और टीम को दर्शकों से भी सहयोग नहीं मिल रहा है। ऐसे में मुंबई की टीम के सामने डगर बहुत मुश्किल दिखाई दे रही है।
मुंबई इंडियंस को 2024 में अभी तक लगातार तीन हार मिली है। टीम को अब अपना अगला मैच 7 अप्रैल को रायल चैलेंजर्स बेंगलोर से खेलना है। ऐसे में टीम के पास स्थितियों को सुधारने का मौका है। भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी का मानना है कि इस बीच मुंबई फ्रेंचाइजी को सख्त कदम उठाने होंगे और रोहित को फिर से टीम की कमान सौंपना चाहिए। उनका मानना है कि हार्दिक पर कप्तानी का दबाव साफ तौर दिखाई दे रहा है और यह इस बात से साबित होता है कि राजस्थान रायल्स के खिलाफ मैच में उन्होंने गेंदबाजी ही नहीं की।