हाल ही में हल्की बारिश के बाद उत्तर भारत में एक बार फिर से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। बढ़ती उमस और ज्यादा तापमान पिछले कुछ दिनों से राजधानी में एक बेहद असहज वातावरण की स्थिति बना रहा है। हालांकि भारत के मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को कहा कि 11 जून तक उमस भरी मौसम की स्थिति जारी रहेगी।
11 जून के बाद मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को अब 11 जून के बाद जब ओडिशा से मानसून आएगा तब राहत मिलेगी। तब तक, कभी-कभी नॉरवेस्टर-प्रेरित बारिश में बहुत राहत नहीं मिलेगी। इससे पहले दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने निर्धारित समय एक जून से तीन दिन पहले रविवार को केरल पहुंच गया और इसी के साथ भारत की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण वर्षा ऋतु की शुरुआत हो गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि केरल में शनिवार से ही वर्षा हो रही है और राज्य में 14 में से 10 मौसम निगरानी केंद्रों में 2.5 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गयी है जो मानसून के आगमन के मापदंड को पूरा करता है।
आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र में मौसम वैज्ञानिक उमा शंकर डैश ने कहा, “जैसे-जैसे आर्द्रता का स्तर 50% से ऊपर हुआ है, ऐसा लगता है कि बाहरी तापमान 48 डिग्री सेल्सियस है जबकि वास्तविक तापमान 37-38 डिग्री होता है। हालांकि अगले कुछ दिनों में गरज की गतिविधियों की संभावना है, लेकिन यह गर्मी और आर्द्र परिस्थितियों से बहुत राहत नहीं देगा।”
आज दिल्ली में खुशनुमा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य है, जबकि न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार को मौसम खुशनुमा रहने की संभावना है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शहर में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना है।’’ शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 28 डिग्री से. के आसपास रहने का अनुमान है। इस बीच, हवा में आर्द्रता का स्तर 61 प्रतिशत से 49 प्रतिशत के बीच रहा।