Tansa City One

महाराष्ट्र में मिले 40 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमण के नए केस, ओमिक्रॉन का एक भी मामला नहीं

0

देश अभी खतरनाक कोरोना संक्रमण के खिलाफ लगातार जंग लड़ रहा है। इस बीच महाराष्ट्र में संक्रमण के 40, 925 नए मामले मिले हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में एक भी ओमिक्रॉन वेरिएंट के केस नहीं मिले हैं। इस दौरान 20 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में नए केसों की संख्या पिछले दिनों मिले केसों से 4,700 ज्यादा है। राजधानी मुंबई में 20,971 नए केस मिले हैं।

राज्य में कोविड-19 की वजह से 20 और मौतें हो गई हैं। इनमें से 6 मौतें मुंबई में दर्ज की गई हैं। कोरोना संक्रमण के बढ़ते केसों के बीच मुबंई की मेयर किशोर पेडनेकर ने लोगों से अपील की है कि वो कोरोना से जुड़े जरूरी प्रोटोकॉल्स का पालन करें। मेयर ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं हैं लेकिन लोग अभी भी गंभीरता से नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।

शुक्रवार को राज्य में 14,256 मरीज कोरोना से पूरी तरह ठीक भी हुए हैं। अब तक राज्य में कोविड से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 65,47,410 हो चुकी है। रिकवरी रेट 95.8 फीसदी है। मौजूदा समय में राज्य में 7,42,684 लोग होम क्वारंटीन हैं और 1,463 लोगों को संस्थागत क्वारंटीन में रखा गया है। 

इस बीच, प्रदेश के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल के 20 स्टाफ भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। मंत्री के आवास पर रहने वाले लोगों का सैंपल टेस्ट किया गया है शुक्रवार को यह जानकारी महाराष्ट्र गृह मंत्री कार्यालय ने दी। 

About Author

Comments are closed.

Maintain by Designwell Infotech