मुंबई : अगले साल 31 अक्टूबर तक खुलेगा महालक्ष्मी फ्लाईओवर

0

मुंबई. 26 फरवरी । दक्षिण मुंबई के महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के पास डॉ. इ. मोसेस रोड पर फ्लाईओवर और केशवराव खाडे रोड पर केबल-स्टेड फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। इन फ्लाईओवरों को 31 अक्टूबर 2026 तक यात्रियों के लिए खोलने का निर्देश अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने बुधवार को दिया। इनके पुलों के खुलने के बाद दक्षिण मुंबई में यातायात व्यवस्था सरल हो जाएगी और वाहन चालकों बड़ी राहत मिलेगी।

अतिरिक्त मनपा आयुक्त बांगर ने बुधवार को कार्यों का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केबल-स्टेड पुल को सहारा देने के लिए 78 मीटर ऊंचा पीलर खड़ा करना होगा। इसके लिए लगभग 200 दिन का समय लगेगा। यह कार्य रेलवे प्रशासन की अनुमति से चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। केबल ब्रिज के निर्माण में लगभग 250 दिन लगने की उम्मीद है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि योजना इस प्रकार बनाई जाए कि मानसून के दौरान कार्य न रुके।

महालक्ष्मी पर यातायात की भीड़ को कम करने के लिए, विकास नियोजन योजना के तहत मुंबई मनपा दो नए पुलों का निर्माण कर रही है। दोनों ब्रिजों को महालक्ष्मी दक्षिण और उत्तर पुल कहा जाएगा। इनका निर्माण 745.69 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। मोसेस रोड पर उत्तर की ओर का पुल 639 मीटर लंबा होगा और सात रास्ता की ओर से आने वाले यात्रियों को वर्ली नाका से जोड़ेगा। दक्षिण की ओर का पुल 803 मीटर लंबा केबल-स्टेड पुल होगा, जो न्यू शिरीन थिएटर के पास सात रास्ता को रेसकोर्स और केशव राव खाड़े मार्ग पर हाजी अली से जोड़ेगा।

About Author

Leave A Reply

Maintain by Designwell Infotech