Tansa City One

हिमाचल भाजपा में संगठनात्मक चुनावों की तैयारी तेज, साेमवार काे सुंदरनगर में हाेगी बैठक

0

शिमला, 3 नवंबर । हिमाचल प्रदेश में भाजपा में संगठनात्मक चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए मंडी जिला के सुंदरनगर में सोमवार को बैठक बुलाई गई है। भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय नेता इस बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान संगठनात्मक चुनाव की रूपरेखा तैयार की जाएगी। अगले दो महीने में प्रदेश संगठन में नई टीमों का गठन होगा।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने बताया कि भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मंडी जिला के संगठनात्मक जिला सुंदरनगर कार्यालय में किया जा रहा है। यह बैठक चार नवंबर यानी सोमवार को प्रातः 11 प्रारंभ होगी। इस बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा एवं प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठनात्मक चुनाव अधिकारी डॉ राजीव भारद्वाज, सभी प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री, सभी सांसद, संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं सह प्रभारी, जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री, जिला प्रभारी, प्रदेश सक्रिय सदस्यता टोली, प्राथमिक सदस्यता टोली, प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं सह चुनाव अधिकारी, जिला चुनाव अधिकारी एवं सह चुनाव अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कटवाल ने बताया कि भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक पार्टी के रूप में संगठन पर्व पूरे देश और प्रदेश में मना रही है, जिसके अंतर्गत पूरे देश और प्रदेश में प्राथमिक सदस्यता अभियान, सक्रिय सदस्यता अभियान का कार्य तेज गति से चल रहा है। इस अभियान के अंतर्गत इस महत्वपूर्ण बैठक में इन दोनों गतिविधियों के इलावा, आगामी पार्टी के संगठनात्मक चुनावों को लेकर भी चर्चा की जाएगी यह पार्टी का एक महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि अगले दो माह के अंतर्गत पूरे प्रदेश में बूथ, मंडल और जिला के चुनाव जल्द ही सम्पन्न किए जाएंगे।

About Author

Comments are closed.

Maintain by Designwell Infotech