Tansa City One

भाजपा विरोधी शक्तियों को एकत्रित करेंगे: कांग्रेस अध्यक्ष

0

गुवाहाटी, 24 नवंबर । असम की पांच विधानसभा सीटों पर संपन्न हुए उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की हुई करारी हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कहा कि वह इस पराजय को स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में जय और पराजय को समान रूप से स्वीकार किया जाता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने रविवार को कहा कि वह भाजपा विरोधी सभी शक्तियों को एकत्रित करने के लिए हर कोने-कोने तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को पराजित करने के लिए सभी विरोधी शक्तियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की आलोचना करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष बोरा ने कहा कि झारखंड में डॉ. सरमा को चुनाव का प्रभारी बनाकर लगाया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीते 4 माह से डॉ. सरमा अपना पूरा समय झारखंड में व्यतीत कर रहे थे। असम के डॉ. सरमा इस दौरान पार्ट टाइम चीफ मिनिस्टर बनकर रह गए थे। बोरा ने आरोप लगाया कि डॉ. सरमा झारखंड में सांप्रदायिकता की जहर उगलने में कोई भी कसर बाकी नहीं रख रहे थे। बावजूद इसके झारखंड में भाजपा की करारी हार हुई।

उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा की अच्छा ही हुआ कि महाराष्ट्र में डॉ. सरमा को चुनाव में नहीं लगाया गया। जहां-जहां डॉ. सरमा चुनाव में लगाए जाते हैं वहां-वहां भाजपा की करारी हार होती है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में उनकी पार्टी के नेता और अधिक ऊर्जा के साथ जनता के मुद्दों को उठाएंगे।

About Author

Comments are closed.

Maintain by Designwell Infotech