नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 14 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर रात 10 के करीब हुई। बताया जाता है कि प्लेटफॉर्म पर भीड़ अचानक से बढ़ने से यह हादसा हुआ। इस भीड़ में ज्यादातर लोग महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। इस हादसे की हाईलेवल जांच के आदेश दिए गए हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने जहां इस हादसे पर दुख जताया वहीं इसे रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता भी बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की ख़बर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने रेल मंत्री से भी बात की। अमित शाह ने एक्स पर लिखा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी व अन्य संबंधित अधिकारियों से बात की। दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर सभी को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों को हर संभव उपचार दिया जा रहा है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भगदड़ की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ (जैसी स्थिति) से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएं।’
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ की वजह से मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
रेलवे के डीसीपी केपीएस मल्होत्रा ने कहा, हमने भीड़ का अंदाजा लगाया था लेकिन इतने कम समय में यह घटना हो गई। रेलवे हर तथ्य की जांच करेगा। जांच के बाद, हम घटना के पीछे के कारणों का पता लगाएंगे।
रेलवे ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को गलत बताया है जिसमें यह कहा जा रहा है कि आखिरी समय में ट्रेनों का प्लेटफॉर्म बदलने के चलते नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची थी। रेलवे ने कहा कि किसी भी ट्रेन का प्लेटफार्म नहीं बदला गया था। सोशल मीडिया में जो इनफॉरमेशन चल रही है वह गलत है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना के प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को 1लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।