Tansa City One

यूक्रेन मसले को लेकर रूस ने कहा, राजनीतिक दबाव बना रहा अमेरिका

0

यूक्रेन को लेकर रूस और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच एक रूसी राजनयिक ने बड़ी बात कही है। जिनेवा में यूनाइटेड नेशंस में रूस के स्थायी प्रतिनिधि गेन्नेडी गैटिलोव ने रूसी सरकारी मीडिया एजेंसी स्पूतनिक से बातचीत में कहा है कि अमेरिका और अन्य पश्चिमी देश रूस के साथ संघर्ष शुरू करने के लिए तैयार नहीं हैं। रूस पर सभी दबाव का इस्तेमाल सुरक्षा गारंटी वार्ता के दौरान हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।

राजनीतिक दबाव बना रहा अमेरिका: रूस

उन्होंने कहा है कि हम यह सोचने से बहुत दूर हैं कि वाशिंगटन और अन्य पश्चिमी देश रूस के साथ संघर्ष शुरू करने की वास्तविक योजनाओं पर काम कर रहे हैं। हालांकि, उनके कदम हमें यूक्रेन और रूस-नाटो सहयोग के आसपास के सभी घटनाक्रमों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर करते हैं।

गैटिलोव ने कहा है कि यह साफ है कि संभावित आर्थिक प्रतिबंध, राजनीतिक दबाव और सैन्य तैयारियों का इस्तेमाल हमारे विरोधियों द्वारा सुरक्षा गारंटी पर संभावित वार्ता के दौरान हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की रणनीति के परिणामस्वरूप त्रासदी हो सकती है।

रूस ने यूक्रेन पर हमले से इनकार किया है

रूस ने कहा कि पश्चिमी देश यूक्रेन की सहायता कर हम पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे लेकिन हम किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि रूस ने यूक्रेन के पास सैनिकों की तैनाती में इजाफा किया है और रूसी सेना बेलारूस के साथ सैन्य अभ्यास कर रही है। पश्चिमी देशों को आशंका है कि रूस कभी भी यूक्रेन पर आक्रमण कर सकता है, जबकि रूस ने हमलों से इनकार किया है। 

यूक्रेन की पश्चिमी देशों से करीबी और नाटो का सदस्य बनाए जाने की घोषणा के बाद इसे रूस की प्रमुख चिंता के रूप में देखा जा रहा है। रूस पश्चिमी देशों से सुरक्षा की गारंटी चाहता है और यूक्रेन को नाटो की सदस्यता न देने और नाटो के सैन्य विस्तार को रोकने की मांग कर रहा है।

About Author

Comments are closed.

Maintain by Designwell Infotech